भोपाल। केंद्र सरकार के फैसले के आठ माह बाद मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के सात लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) तीन प्रतिशत बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। बढ़ा हुआ भत्ता अप्रैल के वेतन (भुगतान माह मई) से मिलेगा। हालांकि, सरकार ने वृद्धि को जुलाई 2025 से प्रभावी माना है, ऐसे में जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक का एरियर छह समान किस्तों में दिया जाएगा।
पेंशनरों को जनवरी 2026 से राहत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली के अवसर पर यह घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों को केंद्र के समान दर पर DA देगी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में स्पष्ट किया कि पेंशनरों को भी जनवरी 2026 से 58 प्रतिशत महंगाई राहत (DR) का लाभ मिलेगा।
सरकार के निर्णय से चार लाख से अधिक पेंशनरों को फायदा होगा। जनवरी–फरवरी 2026 की पेंशन में 58% की दर से DR का भुगतान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 2025–26 के बजट में सरकार ने भविष्य में 64 प्रतिशत तक DA/DR के लिए प्रावधान रखा है।
छत्तीसगढ़ का मामला भी सुलझेगा
छत्तीसगढ़ सरकार पहले ही DA बढ़ा चुकी थी, लेकिन पेंशनरों को लाभ देने के लिए मध्य प्रदेश की सहमति आवश्यक थी। अब निर्णय होने के बाद सहमति पत्र शीघ्र भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे वहां के पेंशनरों को भी राहत मिलेगी।
प्रतिमाह कितना बढ़ेगा लाभ (अनुमानित)
प्रथम श्रेणी- ₹2,397 से ₹4,230
द्वितीय श्रेणी: ₹1,683 से ₹2,019
तृतीय श्रेणी: ₹585 से ₹1,473
चतुर्थ श्रेणी: ₹465 से ₹556
इस फैसले से महंगाई के दबाव में जूझ रहे कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधी आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं एरियर की किस्तों से एकमुश्त बोझ भी संतुलित रहेगा।






