DCM राजेंद्र शुक्ल बोले- एयर कनेक्टिविटी से पर्यटन और उद्योग को मिलेंगे पंख।
10 महीने में रीवा को मिली 5 उड़ानें
रीवा। विंध्य क्षेत्र के लोगों का वर्षों से देखा गया सपना शनिवार को साकार हो गया। रीवा एयरपोर्ट से भोपाल और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत हो गई। इस मौके पर एयरपोर्ट पर आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि 9 अगस्त का दिन रीवा के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।
DCM श्री शुक्ल ने कहा कि विंध्य के लोग लंबे समय से हवाई सेवा का इंतजार कर रहे थे। आज रीवा से भोपाल और कोलकाता की उड़ान शुरू होने के साथ पूरा विंध्य देश के प्रमुख महानगरों से जुड़ गया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की नई विमानन नीति को दिया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने स्टेट बीजीएफ मद से हवाई सेवाओं के लिए अनुदान का प्रावधान किया है। इसी का नतीजा है कि महज 10 महीने के भीतर रीवा को 5 शहरों के लिए हवाई सेवा मिल गई है। DCM ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट की विकास यात्रा डबल इंजन सरकार की सफलता का सबसे बड़ा उदाहरण है।
श्री शुक्ल ने कहा कि हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से पूरे विंध्य में विकास की गति तेज होगी। पर्यटन, उद्योग और व्यापार के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि पतंजलि, टाटा और महिन्द्रा जैसे बड़े औद्योगिक समूह विंध्य में निवेश करने के इच्छुक हैं। एयर कनेक्टिविटी से निवेशकों का भरोसा और बढ़ेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए नगरीय विकास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने विंध्य को विकास की बड़ी सौगात दी है। यह सब DCM राजेंद्र शुक्ल के लगातार प्रयासों का परिणाम है।
रीवा सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि पहले हम सिर्फ आसमान में जहाज उड़ते देखकर खुश होते थे। अब रीवा से 5 बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ान उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में एयरपोर्ट की संख्या 177 हो गई है और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा एविएशन मार्केट बन गया है।
सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि विंध्य प्राकृतिक संसाधनों, धार्मिक और पर्यटन स्थलों से भरपूर है। हवाई सेवा शुरू होने से यहां के पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी। विधायक नरेन्द्र प्रजापति, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह और जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने भी इस उपलब्धि के लिए सरकार और DCM को बधाई दी।
पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह ने कहा कि DCM के प्रयासों से रीवा की तस्वीर बदल रही है। हवाई सेवा से टूरिज्म कॉरिडोर बनेगा और व्यापार में तेजी आएगी। जिला भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अब रीवा एयरपोर्ट का और विस्तार होगा और बड़े विमानों की सुविधा भी मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, महापौर योगेश ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे। कोलकाता से रीवा पहुंचे यात्रियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। वहीं विंध्य की संस्कृति का प्रतीक गुदुमबाजा लोकनृत्य ने समारोह में चार चांद लगा दिए।






