रीवा में आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमित कोल की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में रीवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का आधिकारिक खुलासा शीघ्र किया जाएगा।
गौरतलब है कि सोमवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित शांति विहार कॉलोनी के पास भरे बाजार में अज्ञात बदमाशों ने अमित कोल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस को घटनास्थल से दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह ने तत्काल जिले के कई थाना प्रभारियों को शामिल करते हुए विशेष टीमें गठित कीं। पूरी रात साइबर सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
रीवा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों तक पहुंचने को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले का विस्तृत खुलासा जल्द ही पत्रकार वार्ता के माध्यम से किए जाने की संभावना है।






