अमन सिंह सिंगरौली
चितरंगी। आगामी होली पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चितरंगी थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, थाना प्रभारी सुधेश तिवारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह ने कहा कि त्यौहार आपसी भाईचारे, प्रेम और हर्षोल्लास का प्रतीक होते हैं। होली का पर्व सामाजिक समरसता का संदेश देता है, इसलिए सभी नागरिक इसे नशामुक्त होकर शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने, अशांति फैलाने अथवा हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने बताया कि होली के दौरान डीजे संचालन पर विशेष प्रतिबंध रहेगा। नागरिक अपने घरों में सीमित एवं धीमी ध्वनि में संगीत चला सकते हैं, लेकिन बिना अनुमति सार्वजनिक जुलूस या तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र में अमन-चैन और शांति का वातावरण बनाए रखना है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की।बैठक में उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और शांति एवं सौहार्द के साथ होली मनाने का संकल्प लिया। पुलिस एवं प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।






