अनूपपुर।
जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ भालूमाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से 14 मवेशियों को मुक्त कराया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक डी.एस. बागरी के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिलने पर भालूमाड़ा पुलिस टीम ने पयारी नंबर-2 मेन रोड पर रात करीब 3 बजे नाकाबंदी की। इसी दौरान दो सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक MP 65 ZD 4094 एवं CG 16 CS 6764 मवेशियों से भरी हुई भाद की ओर से भालूमाड़ा तरफ आती दिखाई दीं।
पुलिस को देखकर दोनों वाहन चालक पिकअप मोड़कर केरहा बाबा रोड मझौली की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन चालक जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
वाहनों की तलाशी लेने पर एक पिकअप में 5 भैंसे एवं 2 भैंसियां तथा दूसरी पिकअप में 4 भैंसे एवं 3 भैंसियां क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरी हुई मिलीं। पुलिस ने दोनों वाहन एवं कुल 14 मवेशियों को जब्त कर लिया। मवेशियों को सुरक्षित देखरेख के लिए गोविंदा कांजी हाउस भेजा गया है।
पुलिस ने दोनों अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जप्त मशरूका में दो पिकअप वाहन एवं 14 नग भैंस (पड़वा) शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 12 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक डी.एस. बागरी, सउनि चंद्रहास बांधेकर, प्रधान आरक्षक कृपाल सिंह, आरक्षक शुभम तिवारी एवं चालक आरक्षक दिनेश मुजाल्दे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






