कटनी। रीठी पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोर के पास से पुलिस को चोरी की 10 मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़ा गया शातिर चोर कटनी शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद खुद को सीजिंग कर्मचारी बताते हुए चोरी की बाइक लोगों को बेचता था।
कटनी जिले के रीठी थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बताया गया कि आरोपी विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद खुद को सीजिंग कर्मचारी बताकर लोगों को सस्ते दामों में चोरी की बाइक बेचता था।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि रीठी थाने के अप.क्र. 63/26 धारा 303 (2) बीएनएस के मामले में पहले ही आरोपी गणेश साहू और पुष्पराज सिंह (निवासी रैपुरा, जिला पन्ना) को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी मामले में फरार आरोपी मनीष लोधी (22 वर्ष), निवासी ग्राम रपुरा, जिला पन्ना, की तलाश जारी थी, जिसे 22 मार्च को मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी मनीष लोधी ने रीठी, बिलहरी, बाकल तथा कटनी शहर के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके पास से कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ रीठी, रंगनाथनगर, माधवनगर, कोतवाली और कुठला थानों में पहले से वाहन चोरी के कुल 8 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि चोरी के वाहन खरीदने के आरोप में समीम खान (पिता अजीम खान, निवासी रैपुरा) को भी आरोपी बनाया गया है और उसके खिलाफ धारा 317 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।






