सिंगरौली, 15 दिसंबर 2025।
कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में जिले के आकांक्षी विकासखंड देवसर में विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद गैप को पाटने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार कर निर्धारित पैरामीटर के तहत लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डीएमएफ मद से वित्तीय वर्ष 2020-21 से चालू वित्तीय वर्ष तक स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा कर उपलब्धता प्रमाण पत्र जमा कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण आहार, कुपोषण सुधार सहित आकांक्षी ब्लॉक देवसर में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्ययोजना बनाकर तय मानकों के अनुरूप शत-प्रतिशत कार्य किया जाए तथा आगामी टीएल बैठक में अद्यतन प्रगति से अवगत कराया जाए। उन्होंने डीएमएफ मद से वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक स्वीकृत लेकिन अपूर्ण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कर खनिज विभाग में उपलब्धता प्रमाण पत्र जमा कराने पर जोर दिया।
सड़क सुरक्षा के मद्देनज़र कलेक्टर ने जयंत परियोजना से सिंगरौली (मुड़वानी डैम) मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु संबंधित परियोजना के माध्यम से सीसीटीवी कैमरे और वाहनों में स्पीड गवर्नर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने से पूर्व नोटिस जारी किया जाए तथा जिन परिवारों के पास आवास के अलावा अन्य भूमि नहीं है और जो पुस्तैनी रूप से शासकीय भूमि पर निवासरत हैं, उन्हें नियमानुसार आवासीय पट्टा देने की प्रक्रिया अपनाई जाए।
कलेक्टर ने स्कूल बसों में क्षमता के अनुरूप बच्चों के परिवहन और वाहनों की नियमित जांच के निर्देश जिला परिवहन अधिकारी को दिए। कृषि विभाग से खाद की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। धान उपार्जन एवं परिवहन की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मौसम को देखते हुए उपार्जन केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की जाए ताकि वर्षा में धान भीगे नहीं और परिवहन कार्य में तेजी लाई जाए।
सीएम हेल्पलाइन एवं टीएल से जुड़े आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर आगामी टीएल में शत-प्रतिशत पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त को स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस एवं अपशिष्ट पदार्थों के प्रबंधन, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। वहीं, विद्युत विभाग को जले/खराब ट्रांसफार्मर व केबल तत्काल बदलने तथा वंचित मजरों-टोलों में विद्युतीकरण की कार्यवाही तेज करने को कहा गया।
सायबर फ्रॉड मामलों में कलेक्टर ने एलडीएम को निर्देश दिए कि आवेदकों से एफआईआर दर्ज कराकर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि समय पर राशि की वापसी संभव हो सके। नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर राखड़ फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध चलानी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर लक्ष्य हासिल करने पर बल दिया।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत जगदीश गोमे, प्रभारी अपर कलेक्टर संजीव पांडेय, संयुक्त कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, अखिलेश सिंह, नंदन तिवारी, सौरभ मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर माइकेल तिर्की, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत अरविंद डामोर, जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर, खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह, डीपीसी आर.एल. शुक्ला, आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप, उद्यानिकी अधिकारी एच.एल. निमोरिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






