सिंगरौली।
अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ गढ़वा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं पर करारा प्रहार किया है। थाना गढ़वा पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए सोन नदी से अवैध रूप से रेत लोड कर ले जा रहे एक हाईवा (टीपर) वाहन को जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को ग्राम बगदरा क्षेत्र में वाहन क्रमांक UP-63-BT-2598 को रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन में सोन नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था। मौके से चालक मुंशीलाल बारी (35 वर्ष), निवासी ग्राम खटाई, थाना गढ़वा को गिरफ्तार किया गया।
जब्त किए गए वाहन एवं रेत की कुल अनुमानित कीमत लगभग 25.35 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में अपराध क्रमांक 332/2025 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, भारतीय वन अधिनियम तथा वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और रेत माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






